Events (Art of Excellent living in 21st Century 02-01-2026)
समर्पण संस्था द्वारा “उत्कृष्ट जीवन “ पर व्याख्यान व मीटिंग आयोजित…
वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले 10 कार्यक्रमों का तिथिवार कैलेंडर जारी…
जीवन प्रबन्धन से ही उत्कृष्ट जीवन का निर्माण सम्भव ।
- आर्किटेक्ट डॉ. दौलत राम माल्या
जयपुर, 02 जनवरी । “ जीवन प्रबंधन से ही उत्कृष्ट जीवन का निर्माण सम्भव है। आधुनिक समय में उत्कृष्ट जीवन स्वास्थ्य, ध्यान, गहरा काम, सार्थक रिश्ते व निरंतर सीखने में समाहित है । उक्त विचार समर्पण संस्था द्वारा नववर्ष पर राज्य कृषि प्रबन्ध संस्थान दुर्गापुरा के कॉन्फ़्रेंस हॉल में आयोजित “ 21 वीं सदी में उत्कृष्ट जीवन जीने की कला “ विषयक व्याख्यान व मीटिंग में मुख्य वक्ता संस्थापक अध्यक्ष आर्किटेक्ट डॉ. दौलत राम माल्या ने व्यक्त किये ।
डॉ. माल्या ने पीपीटी प्रजेंटेशन द्वारा उत्कृष्ट जीवन की व्याख्या करते हुए कहा कि “ वर्तमान समय में उत्कृष्ट जीवन के 6 मुख्य स्तम्भ हैं जिनमें पहला गहन एकाग्रता, दूसरा शारीरिक जीवन शक्ति , तीसरा भावनात्मक महारत, चौथा निरन्तर सीखना, पाँचवाँ व्यक्तित्व ब्रांड और नेटवर्क की समझ, छठा जीवन का उद्देश्य व समाज के कल्याण में भागीदारी है ।
उन्होंने कहा कि “जीवन मालवाहक ट्रक की तरह है यह हमें तय करना है कि इसमें कोयले भरते हैं या हीरे भरते है ।“ प्रकृति के अपने शाश्वत नियम है और हमारा जीवन भी प्रकृति का हिस्सा है । हम पूरी तरह परफ़ेक्ट है कोई और अलग से ज्ञान की जरूरत नहीं है ।इस समझ से ही जीवन की समस्याओं से मुक्ति मिल जाती है ।
इससे पूर्व व्याख्यान व मीटिंग की शुरुआत समर्पण प्रार्थना के साथ की गई जिसे सुश्री सुवज्ञा माल्या व सुश्री आरती कुमावत के ने उच्चारित करवाया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद श्री राम कुमार वर्मा ने कहा कि “अनुशासित जीवन उत्कृष्टता की राह बनाता है । समाज कल्याण के लिए योगदान से जीवन उत्कृष्ट बनता है ।”
इस अवसर पर आयोजित मीटिंग में वर्ष 2026 में संस्था द्वारा आयोजित किये जाने वाले वाले 10 कार्यक्रमों का तिथिवार कैलेंडर जारी किया गया जिसका विमोचन अतिथिगणो द्वारा किया गया ।
इस अवसर पर गीतकार श्री रमेश बैरवा ने जीवन को नई दिशा देने वाला गीत प्रस्तुत किया ।
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अतिथि योगाचार्य मनीष विजयवर्गीय ने स्वस्थ तन व मन के लिए योग को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही पूर्व जिला न्यायाधीश व स्थाई लोक अदालत चूरू की अध्यक्ष श्रीमती इन्दु पारीक ने कहा कि “ प्रतिदिन किसी न किसी व्यक्ति की किसी भी माध्यम से ज़रूर सेवा करें ।”
संस्था द्वारा व्याख्यान में उपस्थित सभी श्रोताओं को प्रमाण पत्र भी भेंट किए गये ।
कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भाग लिया ।
मंच संचालन ऑल इंडिया रेडियो एंकर श्रीमती शिवाली गुप्ता ने किया ।